बॉलीवुड डेस्क. अक्षय कुमार और परिणीति चोपड़ा स्टारर केसरी ने बॉक्सऑफिस पर 100 करोड़ का कलेक्शन पार लिया है। यह फिल्म इसके साथ ही साल 2019 की सबसे तेज 100 करोड़ कमाने वाली फिल्म भी बन गई है। फिल्म ने सात दिनों में यह आंकड़ा छुआ है। फिल्म के कलेक्शन की जानकारी ट्विटर पर देते हुए फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने लिखा-''केसरी 2019 की सबसे तेज सौ करोड़ कमाने वाली फिल्म बन गई है। सातवें दिन तक इसने 100.01 करोड़ का बिजनेस कर लिया है। इससे पहले गली ब्वॉय ने आठवें दिन और टोटल धमाल ने नौवें दिन 100 करोड़ क्लब में एंट्री की थी।''
साल की सबसे बड़ी ओपनर बनीं केसरी
फिल्म भारत में 3600 और ओवरसीज में 600 स्क्रीन पर रिलीज की गई है। केसरी साल की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म है। रिलीज के पहले दिन इसने 21.60 करोड़ का बिजनेस किया था और वीकेंड में इसने 56.51 करोड़ कमाए थे। केसरी का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। अनुराग ने फिल्म रकीब, दिल बोले हड़िप्पा और कई पंजाबी फिल्मों का निर्देशन किया है। केसरी में भी उनके निर्देशन की खूब सराहना हो रही है। ये फिल्म सारागढ़ी में हुए ऐतिहासिक युद्ध की सच्ची कहानी पर फिल्माई गई है। इसमें अक्षय कुमार वीर बहादुर हवलदार ईशर सिंह के रोल में दिखाई दे रहे हैं। ईशर सिंह 36 सिख रेजिमेंट की 21 लोगों की एक टुकड़ी के कमांडर थे। सारागढ़ी आज पाकिस्तान के वजीरिस्तान में है, जहां साल 1897 में ये युद्ध लड़ा गया था। इसमें 21 बहादुर सिख जवानों ने 10 हजार अफगान सैनिकों को धूल चटा दी थी।